अकबरपुर: अकबरपुर रेलवे स्टेशन को शीघ्र ही समाजवादी विचारधारा के पुरोधा डॉ. राममनोहर लोहिया के नाम से जाना जाएगा। उत्तर प्रदेश शासन के उप सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी अनुपम शुक्ल से स्पष्ट आख्या के साथ संस्तुति मांगी है। यह प्रस्ताव वर्ष 2023 में विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय द्वारा प्रस्तुत किया गया था, जिस पर अब औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
डॉ. लोहिया के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण होने से अकबरपुर रेलवे स्टेशन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। डॉ. लोहिया का जन्म अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय के शहजादपुर में हुआ था। जनपद में उनके नाम पर एकमात्र लोहिया भवन तथा शहजादपुर में स्थापित उनकी प्रतिमा पहले से ही उनके योगदान की स्मृति को संजोए हुए है। स्टेशन का नामकरण होने से क्षेत्र की ऐतिहासिक और वैचारिक पहचान और सुदृढ़ होगी।
डॉ. राममनोहर लोहिया स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक तथा संयुक्त समाजवादी दल के संस्थापक थे। वे समाज के कमजोर तबकों को मुख्यधारा में लाने के आजीवन पक्षधर रहे। अपने निर्भीक विचारों और सामाजिक न्याय के प्रति प्रतिबद्धता के कारण उन्हें व्यापक सम्मान प्राप्त हुआ।
लोहियाजी का जन्म 23 मार्च 1910 को तत्कालीन फैजाबाद जनपद की तहसील अकबरपुर के उपनगर शहजादपुर में हुआ था। उनकी प्रारंभिक शिक्षा अकबरपुर में हुई, जबकि उच्च शिक्षा वाराणसी, कोलकाता और मुंबई में संपन्न हुई। उन्होंने जर्मनी के हम्बोल्ट बर्लिन विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की। 12 अक्टूबर 1967 को नई दिल्ली में उनका निधन हुआ।
उनके निधन को दशकों बीत जाने के बावजूद समकालीन राजनीति और समाज में डॉ. लोहिया की प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है। उनकी जन्मस्थली पर उनके नाम से रेलवे स्टेशन का नामकरण स्थानीय जनमानस के लिए सम्मान और गौरव का विषय माना जा रहा है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

