Site icon

गोरखपुर मासूम हत्याकांड: वादे पूरे न होने पर फूटा आक्रोश न्याय और ₹1 करोड़ के मुआवजे की मांग को लेकर लखनऊ में परिजनों का जोरदार प्रदर्शन

न्याय और ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग को लेकर ईको गार्डन में परिजनों व नंदवंशी समाज का जोरदार प्रदर्शन

लखनऊ: गोरखपुर जिला अस्पताल परिसर से 10 वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार और शर्मा समाज के लोगों ने बुधवार को राजधानी लखनऊ स्थित ईको गार्डन धरना स्थल पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर घटना के बाद किए गए आश्वासनों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

गोरखपुर मासूम हत्याकांड: वादे पूरे न होने पर लखनऊ में फूटा आक्रोश

प्रदर्शन में पीड़ित परिवार के साथ बड़ी संख्या में नंदवंशी समाज के लोग और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा, पक्का मकान और जमीन उपलब्ध कराने तथा मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की।

आरोपी पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप

प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, 28 जुलाई की रात गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के लापता होने के बाद उसकी तलाश शुरू हुई थी। आरोप है कि डायल-112 में तैनात मुख्य आरक्षी अभिषेक यादव ने बच्ची को घर छोड़ने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। बाद में बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात सामने आई।

पुलिस जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी काफी आक्रोश देखने को मिला था।

आश्वासन पूरे नहीं होने का आरोप

पीड़ित परिवार और प्रदर्शनकारियों का कहना है कि घटना के बाद प्रशासन की ओर से परिवार को आर्थिक सहायता, सरकारी जमीन और आवास उपलब्ध कराने सहित कई आश्वासन दिए गए थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि काफी समय बीतने के बावजूद इन आश्वासनों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

उनका कहना है कि परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है तथा उसे तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग

ईको गार्डन में प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में प्रतिदिन के आधार पर कराने और दोषी पाए जाने पर कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने की मांग की। साथ ही आरोपी की कथित अवैध संपत्तियों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त रखने की मांग की। उनका कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर ठोस और लिखित कार्रवाई नहीं करती, तब तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शासन और प्रशासन ने मामले में शीघ्र संज्ञान लेकर पीड़ित परिवार की मांगों पर कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के मद्देनजर ईको गार्डन क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही।

नोट: आरोपी के संबंध में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायालय में साक्ष्यों और सुनवाई के आधार पर होगी।

MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com

Exit mobile version