पटना: शहर के पॉश इलाके गांधी मैदान स्थित कटारूका निवास में शुक्रवार देर रात कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या ने राजधानी को दहला दिया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया है कि शूटर करीब एक घंटे तक अपार्टमेंट के गेट के पास घात लगाकर बैठा था और खेमका के पहुंचते ही सिर्फ 6 सेकेंड में मर्डर को अंजाम देकर फरार हो गया।
कैसे हुई हत्या: गेट पर इंतजार, सिर पर गोली
कारोबारी गोपाल खेमका रात करीब 11:38 बजे अपनी कार से अपार्टमेंट पहुंचे। उसी दौरान शूटर, जो दो कारों के बीच छिपा हुआ था, तेजी से निकला और उनकी कार के पास पहुंचकर कनपटी पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही खेमका वहीं सीट पर लुढ़क गए।
हत्या के बाद बाइक से फरार
हत्या के तुरंत बाद शूटर अपनी पहले से खड़ी बाइक पर सवार होकर मौर्यालोक होते हुए जेपी गंगा पथ की ओर फरार हो गया। उसके पास हेलमेट और कंधे पर बैग था, जिसमें से उसने पिस्टल निकाली थी।
पड़ोसी बने चश्मदीद
गोपाल खेमका की कार के पीछे उसी अपार्टमेंट में रहने वाले पड़ोसी अंकित भी अपनी कार से आ रहे थे। गोली की आवाज सुनकर उन्होंने तुरंत कार से उतरकर गार्ड को आवाज दी और परिजनों को सूचना दी।
सुनियोजित साजिश का शक, अलर्ट करने वाले की तलाश
पुलिस का मानना है कि यह सुनियोजित हत्या थी। गोपाल खेमका बांकीपुर क्लब से लौट रहे थे, और पुलिस को आशंका है कि उनकी लोकेशन किसी ने शूटर को लाइव अपडेट की। अब यह जानने की कोशिश हो रही है कि शूटर को अलर्ट किसने किया।
सीएम का सख्त निर्देश, छपरा-सोनपुर तक छापेमारी
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हत्या की जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब तक 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल चुकी है। सोनपुर, हाजीपुर और छपरा तक छापेमारी की गई है।
रेंज IG का दावा: जल्द होगा खुलासारेंज आईजी ने दावा किया है कि पुलिस जल्द शूटर की पहचान और हत्या की साजिश का पर्दाफाश करेगी। शूटर की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए www.mirrorindnews.com पर विजिट करें। वीडियो देखने के लिए हमारे YouTube चैनल को subscribe,like & share करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए आप हमे Email: mirrorindnews@gmail.com कर सकते है l

