ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था, मौका पाते ही पुलिस को चकमा देकर भागा बाबूलाल मौर्य
गाजीपुर: जनपद की पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर शनिवार की देर शाम उस वक्त गंभीर सवाल खड़े हो गए, जब एक शातिर अपराधी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। न्यायालय में पेशी के बाद अभियुक्त को जिला जेल ले जाया जा रहा था, इसी दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने में सफल रहा। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और जिले भर में नाकाबंदी कर तलाश तेज कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फरार अभियुक्त की पहचान बाबूलाल मौर्य के रूप में हुई है। वह चोरी और लूट की कई घटनाओं में लंबे समय से सक्रिय था और उस पर आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ईरज राजा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही, इस लापरवाही की गंभीरता से जांच कराई जा रही है।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा था
गौर करने वाली बात यह है कि बाबूलाल मौर्य और उसके साथी पुनीत राय को हाल ही में मरदह और कासिमाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार दिखाया था। असल में, ये दोनों कासिमाबाद थाना क्षेत्र के वेदबिहारी–भड़सर मार्ग पर एक ग्रामीण राजन से बैग छीनने का प्रयास कर रहे थे। तभी सतर्क ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया और मरदह पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक 32 बोर का रिवाल्वर, चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन और आभूषण बरामद किए थे। शनिवार को दोनों का चालान कर जेल भेजा जा रहा था, तभी बाबूलाल फरार हो गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा, लेकिन इस फरारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

