गाजीपुर: राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव ट्रस्ट, लखनऊ की ओर से रविवार को एम.बी.बी.आर. किशोर इंटर कॉलेज, भैरोपुर-बुद्धूपुर, गाजीपुर में “मेधावी छात्र/छात्रा प्रतिभा सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से आए 40 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
समारोह में पूर्व कृषि निदेशक एस.पी. राय राजभर, भूतपूर्व सैनिक सूबेदार शिवनारायण राय तथा पूर्व मंत्री डॉ. रामाशंकर राजभर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री डॉ. रामाशंकर राजभर ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रामाशंकर राजभर ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने और युवाओं को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य छात्र-छात्राओं को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में मऊ, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, जौनपुर, अंबेडकर नगर, गोरखपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और वाराणसी समेत पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों से छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
ट्रस्ट की ओर से मेधावी छात्र-छात्राओं का हौसला बढ़ाने के लिए उन्हें खान सर की पुस्तकें, बैग तथा राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने और शिक्षा के माध्यम से समाज व राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
समारोह में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों और समाज के गणमान्य लोगों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी छात्र-छात्राओं, अतिथियों और अभिभावकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

