बिहार चुनाव: चिराग पासवान को बड़ा झटका, LJP(R) उम्मीदवार और भोजपुरी एक्ट्रेस सीमा सिंह का नामांकन रद्द

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए (NDA) को एक बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), की एक प्रमुख उम्मीदवार का नामांकन रद्द कर दिया गया है। मढ़ौरा विधानसभा सीट से LJP(R) की प्रत्याशी और लोकप्रिय भोजपुरी अभिनेत्री सीमा सिंह का पर्चा दस्तावेजों में गड़बड़ियों के चलते रिटर्निंग अफसर ने खारिज कर दिया।
सीमा सिंह एक जानी-पहचानी भोजपुरी अभिनेत्री हैं और अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय मानी जा रही थीं। उनके नामांकन के रद्द होने से मढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और LJP(R) की रणनीति पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।
कई अन्य उम्मीदवारों के पर्चे भी खारिज
जानकारी के मुताबिक, सीमा सिंह के अलावा कई अन्य उम्मीदवारों के पर्चे भी खारिज किए गए हैं। इनमें निर्दलीय उम्मीदवार अल्ताफ आलम राजू और विशाल कुमार के साथ-साथ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के आदित्य कुमार का नाम भी शामिल है।
NDA और महागठबंधन का सीट गणित
इस झटके के बाद एनडीए के सीट-बंटवारे के गणित पर भी असर पड़ा है। बता दें कि बिहार एनडीए में सीट बंटवारे के तहत, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। वहीं, हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (सेकुलर) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के हिस्से में छह-छह सीटें आई हैं। सीमा सिंह के नामांकन रद्द होने के बाद, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) अब 28 सीटों पर ही चुनाव लड़ती दिख रही है।
एक तरफ जहां एनडीए को यह झटका लगा है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन में भी स्थिति साफ नहीं है। पहले चरण का नामांकन समाप्त होने के बावजूद, महागठबंधन में सीटों को लेकर भारी उथल-पुथल मची हुई है। कई सीटों पर गठबंधन में शामिल दलों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब Mirror India चैनल को सब्सक्राइव करे । अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते है : mirrorindnews@gmail.com



