उत्तर प्रदेश

मथुरा में महिला से सामूहिक दुष्कर्म,पति से झगड़ा कर नाराज होकर घर से निकल गई थी । पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी घायल

मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरे ने आत्मसमर्पण कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मांट थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला का शनिवार रात अपने पति से विवाद हो गया था। इसके बाद वह घर से निकलकर अकेली गांव के बाहर चली गई। इसी दौरान बेगमपुर गांव के दो युवकों—राजकुमार और दुर्गेश—ने उसे अकेला पाकर जबरन पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी महिला को यमुना नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर स्थित पेटूंन पुल के पास ले गए, जहां उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध और शोर मचाने के बावजूद आरोपियों ने उसकी एक न सुनी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़िता किसी तरह घर पहुंची और अपने पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद पति की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर महिला का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई।

घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। सोमवार देर रात सूचना मिली कि दोनों आरोपी इलाके में ही छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, तभी एक आरोपी राजकुमार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में राजकुमार के बाएं पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं, दूसरा आरोपी दुर्गेश ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया।

तमंचा व कारतूस बरामद, पहले भी दर्ज है मामला

पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके पास से एक तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार के खिलाफ वर्ष 2025 में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला भी दर्ज है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button