यमुनानगर (हरियाणा): राजभर संयुक्त सुधार समिति यमुनानगर द्वारा महाराजा सुहेलदेव राजभर की 1017वीं जयंती एवं बसंत पंचमी स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
विदेशी आक्रांताओं का अंत कर सनातन धर्म की रक्षा की
कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करते हुए सोशल एक्टिविस्ट डॉ. पंचम राजभर ने महाराजा सुहेलदेव के जीवन वृतांत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 11वीं सदी में महाराजा सुहेलदेव भारत के एकमात्र ऐसे अपराजेय योद्धा थे, जिन्होंने 21 क्षेत्रीय राजाओं के संघ का सफल नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि सुहेलदेव जी ने विदेशी कट्टर इस्लामिक आक्रांता सैयद सालार मसूद गाजी को उसकी 1 लाख 20 हजार सेना सहित 21 दिनों तक चले भीषण युद्ध में मौत के घाट उतार दिया था।
डॉ. राजभर ने जोर देकर कहा, “महाराजा सुहेलदेव की वीरता का ही प्रभाव था कि उनके भय से अगले 150 वर्षों तक किसी भी विदेशी आक्रमणकारी की हिम्मत भारत की ओर आंख उठाकर देखने की नहीं हुई। उन्होंने भारतीय संस्कृति, सभ्यता और सनातन धर्म की रक्षा की, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसे महान देशभक्त के इतिहास को दबाया गया।”
समाज से शिक्षा और एकता का आह्वान
डॉ. राजभर ने समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बदलते परिवेश में हीन भावना त्याग कर शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने संवैधानिक अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित होने और सामाजिक बुराइयों को दूर कर देश की मुख्यधारा से जुड़ने का आह्वान किया।
राजभर भवन हेतु 5 लाख की घोषणा
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री श्याम सिंह राणा के सुपुत्र एवं प्रतिनिधि (श्री राणा) ने शिरकत की। उन्होंने समाज की मांग पर राजभर भवन एवं मंदिर निर्माण के लिए 5 लाख रुपये प्रदान करने की घोषणा की। इस अवसर पर यमुनानगर के पूर्व मेयर श्री मदन सिंह चौहान, विभिन्न पार्षदों सहित श्री एस. सी. राम राजभर और श्री संतलाल राजभर ने भी अपने विचार साझा किए और महाराजा सुहेलदेव के पदचिन्हों पर चलने की प्रेरणा दी।
आयोजकों ने जताया आभार
कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष श्री नीरज राजभर, श्री विनोद राजभर और श्री राजेश राजभर की मुख्य भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में आयोजक मंडल ने आए हुए सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com
