
लखीमपुर खीरी: 03 जुलाई: शहर में आवारा सांडों के बढ़ते आतंक से परेशान लोगों के लिए अब राहत की खबर है। जिलाधिकारी (डीएम) दुर्गा शक्ति नागपाल के सख्त निर्देशों के बाद, नगर पालिका परिषद लखीमपुर ने एक विशेष अभियान चलाकर 26 आवारा सांडों को पकड़ा है। इन सभी सांडों को सुरक्षित रूप से संरक्षित गौशालाओं में भेज दिया गया है। यह अभियान 25 जून से 02 जुलाई तक चलाया गया।
लंबे समय से ये आवारा सांड शहर की सड़कों पर ट्रैफिक में बाधा डालने के साथ-साथ राहगीरों के लिए भी बड़ा खतरा बने हुए थे, जिससे कई दुर्घटनाएं भी हुई थीं। नगर पालिका की इस त्वरित कार्रवाई से शहरवासियों ने भारी राहत की सांस ली है।
अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार ने बताया कि नगर पालिका की टीमों ने इस अभियान के दौरान मुख्य बाजार, आवास विकास, गोला रोड, स्टेशन रोड और बस स्टैंड जैसे प्रमुख इलाकों से सांडों को पकड़ा। पकड़े गए सभी पशुओं को नजदीकी गौशालाओं में भेजा गया है, जहाँ उनके लिए चारा, पानी और आवश्यक पशु चिकित्सा की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा ताकि शहर को आवारा पशुओं से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।
डीएम का जनसुरक्षा पर जोर:
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने इस विषय पर अपनी दृढ़ता दोहराते हुए कहा कि शहरी क्षेत्र में आवारा पशुओं की मौजूदगी से किसी भी नागरिक की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे पशुओं को चिन्हित कर उचित तरीके से संरक्षित स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है। डीएम ने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए हैं कि जनहित और सुचारू यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ऐसे अभियानों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर चलाया जाए।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए www.mirrorindnews.com पर विजिट करें। वीडियो देखने के लिए हमारे YouTube चैनल को subscribe,like & share करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए आप हमे Email: mirrorindnews@gmail.com कर सकते है l
