लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने प्रदेश के सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया। लालबाग स्थित नए विधायक निवास की 7वीं मंजिल से अचानक नीचे गिरने से पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है। फिलहाल हत्या, हादसा और आत्महत्या तीनों पहलुओं पर जांच जारी है।
सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सातवीं मंजिल से गिरने के कारण नानकदीन भुर्जी गंभीर रूप से घायल हो गए थे और उनके दोनों पैर टूट गए थे। पुलिस ने आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ICU में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
बीजेपी ओबीसी मोर्चा से जुड़े थे भुर्जी
नानकदीन भुर्जी भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ से जुड़े थे और वर्तमान में ‘हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा’ नामक संगठन के अध्यक्ष भी थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रकाश पाल (प्रदेश अध्यक्ष, बीजेपी ओबीसी मोर्चा) ने बताया:
“हमें पार्टी कार्यालय में नानकदीन भुर्जी जी के गिरने की सूचना मिली थी। हम तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनके निधन की पुष्टि की। वे किन परिस्थितियों में और कैसे 7वीं मंजिल से गिरे, इसकी अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।”
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विधायक निवास में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com

