मऊ: जनपद में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद को लेकर ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब दो घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा, तब जाकर प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली।
परिजनों के विरोध से थी नाराज
मिली जानकारी के अनुसार, लड़की किसी युवक से प्रेम करती है और उससे शादी करना चाहती है। जब परिजनों ने इस रिश्ते से इनकार किया और असहमति जताई, तो वह नाराज होकर गांव के बाहर स्थित मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। टावर के ऊपर से उसने चिल्लाकर कहना शुरू कर दिया कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई, तो वह नीचे कूद जाएगी।
पुलिस और ग्रामीणों की मशक्कत
जैसे ही ग्रामीणों ने लड़की को टावर पर देखा, इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारियों ने लड़की को समझाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत और भविष्य का वास्ता देने के बाद, लड़की शांत हुई और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस का बयान:
पुलिस प्रशासन के अनुसार, लड़की फिलहाल सुरक्षित है और उसकी काउंसलिंग की जा रही है। परिजनों को भी बुलाकर बातचीत की गई है ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना दोबारा न हो। क्षेत्र में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com
