लखनऊ: समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप लगाया है। सपा का कहना है कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता ‘फार्म-7’ का दुरुपयोग कर प्रदेश भर में समाजवादी पार्टी के समर्थकों, विशेषकर मुस्लिम और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटवाने की साजिश कर रहे हैं। इस संबंध में सोमवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
सपा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि भाजपा के जिलाध्यक्ष, विधायक और अन्य पदाधिकारी लाखों की संख्या में ‘फार्म-7’ (वोट कटवाने का फॉर्म) भरवा रहे हैं। इन फॉर्मों पर मतदाताओं के नाम और ईपिक नंबर पहले से प्रिंट करवाए जा रहे हैं और फर्जी हस्ताक्षर कर बीएलओ (BLO) व ईआरओ (ERO) के पास जमा कराए जा रहे हैं। सपा का दावा है कि जिन लोगों के नाम काटने के लिए आवेदन दिया गया है, वे सभी वैध मतदाता हैं और अपने पते पर स्थाई रूप से निवास कर रहे हैं।
इन जिलों में धांधली की शिकायत
सपा ने लखनऊ, मिर्जापुर, कानपुर देहात, सोनभद्र, सीतापुर, अमेठी, मथुरा, बुलंदशहर और गाजीपुर समेत कई जिलों में गड़बड़ी के सबूत दिए हैं।
* लखनऊ: सरोजनी नगर विधानसभा में भाजपा विधायक द्वारा 20 हजार से अधिक फार्म-7 जमा कराए गए हैं। बूथ संख्या 30, 54, 55, 81 सहित कई बूथों पर 100-150 की संख्या में फॉर्म जमा कर वैध मतदाताओं के नाम काटने का दबाव बनाया जा रहा है।
* मिर्जापुर: छानबे, नगर, मझवां, चुनार और मड़िहान विधानसभा क्षेत्रों के कई बूथों पर 50 से लेकर 100 तक फार्म-7 भरकर मुस्लिम और पीडीए मतदाताओं को निशाना बनाया गया है।
* कानपुर देहात व सीतापुर: अकबरपुर रनिया और महोली विधानसभा में भी बड़ी संख्या में सपा समर्थकों के नाम काटने की शिकायत की गई है।
* अमेठी: आरोप है कि यहां एक बूथ पर बीएलओ द्वारा पूरे मुस्लिम परिवार का नाम काटने का दबाव बनाया जा रहा है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
एफआईआर की मांग
सपा प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि चुनाव आयोग मूकदर्शक न बने और भाजपा द्वारा किए जा रहे इस फर्जीवाड़े पर कठोर कार्रवाई करे। सपा ने मांग की है कि फर्जी फार्म-7 जमा करने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में के.के. श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह शामिल थे। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा प्रशासन पर दबाव बनाकर लोकतंत्र की हत्या करने का प्रयास कर रही है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

