गाजीपुर: शादियाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बा दयालपुर गांव के पास शादियाबाद–बहरियाबाद मुख्य मार्ग पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक खिचड़ी लेकर अपनी बहन के घर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार सवारी बस की चपेट में आ गए।
हादसे में आजमगढ़ जनपद के तरवां थाना क्षेत्र के भरथीपुर गांव निवासी अजय राजभर (30) पुत्र अनिका राजभर और उनके मित्र इन्द्रजीत राजभर (27) पुत्र सलिराम राजभर की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शादियाबाद से सादात की ओर जा रही बस ने दयालपुर के पास दोनों को कुचल दिया, जिससे उनके सिर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को तत्काल पुलिस वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनिहारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया गया कि अजय राजभर अपने मित्र इन्द्रजीत के साथ खिचड़ी लेकर अपनी बहन पूनम के घर चौकड़ी गांव जा रहे थे। इस हादसे से परिवारों में कोहराम मच गया। अजय अपने पीछे पत्नी इंदु, तीन वर्षीय पुत्री और एक वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार में एक बड़ा भाई और दो बहनें भी हैं। बहन पूनम के घर खुशी का अवसर पल भर में मातम में बदल गया।
अजय राजभर चेन्नई में रहकर एक निजी कंपनी में कार्यरत थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि इन्द्रजीत राजभर केरल में एक निजी कंपनी में काम करते थे। हादसे के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com

