तीन बहनों की सुसाइड मिस्ट्री में मिला 8 पन्नों का ‘सुसाइड नोट’, डायरी में खुली के-पॉप और डिप्रेशन की पूरी कहानी

गाजियाबाद: टीलामोड़ स्थित भारत सिटी सोसायटी में तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या के मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सुराग लगा है। घटनास्थल से आठ पन्नों की एक ‘सीक्रेट डायरी’ बरामद हुई है, जिसने जांच एजेंसियों के साथ-साथ परिवार को भी सन्न कर दिया है। 16 वर्षीय निशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी द्वारा लिखी गई इस डायरी में न केवल उनके मानसिक संघर्ष का जिक्र है, बल्कि उनकी पसंदीदा चीजों की एक लंबी लिस्ट भी है, जिसे उन्होंने अपनी “ट्रू लाइफ स्टोरी” बताया है।
‘लो छुड़वाओ हमसे कोरियन…’ – डायरी में लिखा दर्द
सुसाइड नोट के पन्नों में बहनों ने परिवार द्वारा उनकी पसंद को अस्वीकार किए जाने का गहरा दुख व्यक्त किया है। डायरी में एक जगह लिखा है, “लो छुड़वाओ हमसे कोरियन, कोरियन हमारी जान थी तो तुमने हिम्मत भी कैसे की, हमसे हमारी जान छुड़वाने की… अब देख लिया सुबूत।”
डायरी की शुरुआत में लिखा गया है, “इस डायरी में जो कुछ भी लिखा है, सब सच है। प्लीज इसे पूरा पढ़ना। आई एम रियली सॉरी पापा।” नोट से साफ जाहिर होता है कि बच्चियां कोरियन कल्चर, के-पॉप और विदेशी ड्रामा से भावनात्मक रूप से बहुत गहराई तक जुड़ी हुई थीं। जब परिवार ने इन चीजों से उन्हें दूर करने की कोशिश की, तो वे खुद को अलग-थलग और अस्वीकार महसूस करने लगीं।
पसंदीदा चीजों की लिस्ट: के-पॉप से लेकर कार्टून तक
तीनों बहनों ने डायरी में उन चीजों की एक विस्तृत सूची बनाई है जो उनके दिल के करीब थीं। इसे सुसाइड नोट में प्रमुखता से जगह दी गई है। इस लिस्ट में शामिल हैं:
* इंटरनेशनल कंटेंट: कोरियन मूवीज व बीएल ड्रामा, चाइना और थाईलैंड के एक्टर व सोंग्स, जापानी मूवीज और अमेरिकन/लंदन एक्टर।
* गेम्स: पॉपी प्ले टाइम (सभी कैरेक्टर्स), द बेबी इन येलो, इविल नन, आइसक्रीम मैन, और टेक्नो गेमर्स गेम प्ले।
* कार्टून और किरदार: डोरामोन, शिनचेन, पीजे मास्क, मशा एंड द बीयर, पेपा पिग, डिज्नी की राजकुमारियां (सिंड्रेला, एल्स, रैपुन्जेल, मूलान आदि)।
* म्यूजिक: हॉलीवुड और इंग्लिश गाने।
उन्होंने लिखा कि ये सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि उनका भावनात्मक सहारा थे।
‘शादी इंडिया के आदमी से… ऐसे जीना मंजूर नहीं’
सुसाइड नोट के आखिरी हिस्से में भविष्य और सामाजिक दबावों को लेकर भी डर साफ झलकता है। उन्होंने लिखा, “हम पसंद और प्यार करते थे कोरियन से और शादी इंडिया के आदमी से… ऐसे जीना हमें मंजूर नहीं था।” यह लाइन उस मानसिक स्थिति को बयां करती है जहां वे अपनी काल्पनिक दुनिया और सामाजिक यथार्थ के बीच सामंजस्य नहीं बैठा पा रही थीं।
हैंडराइटिंग एक्सपर्ट करेंगे जांच
पुलिस का कहना है कि डायरी में लिखी बातों की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह नोट तीनों बहनों ने ही लिखा है, डायरी को हैंडराइटिंग एक्सपर्ट के पास भेजा गया है। मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन जारी है।
नोट: यह घटना माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद की कमी और बदलते डिजिटल परिवेश के प्रभाव को सोचने पर मजबूर करती है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com


