उत्तर प्रदेश

कानपुर में कूड़े पर फेंकी एक्सपायरी चॉकलेट-टॉफी लूट ले गए लोग, सेहत पर बड़ा खतरा

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में लापरवाही और जागरूकता की कमी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। शहर में किसी दुकानदार या डिस्ट्रीब्यूटर ने एक्सपायरी डेट की चॉकलेट, टॉफी और बिस्किट के दर्जनों डिब्बे कूड़े के ढेर पर फेंक दिए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग कचरे से उन एक्सपायरी सामानों को उठाकर ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कूड़े के ढेर पर बड़ी मात्रा में नामी कंपनियों के पैकेट पड़े थे। कुछ डिब्बे खुले हुए थे तो कुछ सीलबंद। सूचना फैलते ही आसपास के लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल थे, उन्हें बटोरने लगे। किसी ने बोरी भर ली तो कोई जेबें भरकर ले गया।

एक्सपायरी खाद्य सामग्री का सेवन बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त और गंभीर संक्रमण का खतरा रहता है। सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि ये चीजें छोटे बच्चों तक पहुंच सकती हैं।

नियमानुसार एक्सपायरी प्रोडक्ट्स को नष्ट करना होता है, न कि इस तरह खुले में फेंकना। कूड़े में फेंकना खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।

स्थानीय लोगों ने नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि पता लगाया जाए कि ये माल किसने फेंका और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए दुकानदारों पर सख्ती बरती जाए।

MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button