जौनपुर: प्रेम प्रसंग का राज खोलने पर भाभी की निर्मम हत्या, देवर ने चाकू से रेता गला

वारदात: सूरत से पति के ननिहाल ख्वाजापुर गांव आई थी महिला।
गिरफ्तारी: आरोपी चचेरा देवर मौके से हथियार (चाकू) समेत गिरफ्तार।
वजह: मुंबई में रह रही युवती से देवर के प्रेम प्रसंग की बात परिजनों को बताने से था नाराज।
जौनपुर: जिले के ख्वाजापुर गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां गुजरात के सूरत से पति के साथ ननिहाल आई एक महिला की उसके ही चचेरे देवर ने दिनदहाड़े चाकू से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से आलाकत्ल चाकू भी बरामद कर लिया है।
मृतका की पहचान निशा मौर्या, निवासी उधरनपुर गांव (थाना करौंदी, जिला सुल्तानपुर) के रूप में हुई है। निशा अपने पति पवन मौर्या, पांच वर्षीय बेटी श्रेया और चचेरे देवर आदित्य (पुत्र रामबचन मौर्या) के साथ सूरत में रहकर नौकरी करती थी।
घर के बाहर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार, यह परिवार गत 21 जनवरी को सूरत से पहले निशा के मायके कानपुर आया था। इसके बाद 28 जनवरी को वे सभी पवन मौर्या के ननिहाल ख्वाजापुर गांव पहुंचे थे। गुरुवार की दोपहर निशा घर के बाहर बने छप्पर में बैठी थी, तभी अचानक उसका चचेरा देवर आदित्य चाकू लेकर वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ वार कर गला रेत दिया। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, निशा का आधा गला कट चुका था और खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा था।
प्रेम प्रसंग का खुलासा होने से था खफा
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या का मुख्य कारण प्रेम प्रसंग सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आदित्य का रिश्तेदारी की ही एक युवती से प्रेम संबंध था, जो मुंबई में रहती है। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती थी। इस बात की जानकारी निशा को हो गई थी और उसने यह बात परिवार के अन्य सदस्यों को बता दी थी। अपना राज खुलने से नाराज आदित्य ने भाभी को रास्ते से हटाने का फैसला किया और इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुटी है।
ताजा और नया अपडेट पाने के लिए पोर्टल/यूट्यूब MIRROR INDIA चैनल को सब्सक्राइब करें। अपने क्षेत्र की खबर देने के लिए व्हाट्सएप और ईमेल कर सकते हैं: mirrorindnews@gmail.com


