देश

वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल से गोली चली, दो यात्री घायल

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सुरक्षा जांच केंद्र पर चेकिंग के दौरान अचानक एक पिस्टल से गोली चल गई। गोली की चपेट में आने से सामने बैठे दो यात्री, सुमन और रोहित, गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


स्कैनर में पिस्टल दिखते ही निकाला बाहर, दबा ट्रिगर


प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी कमलेश राय अपने सामान की चेकिंग के लिए सिक्योरिटी चेकप्वाइंट पर पहुंचे थे। स्कैनर में पिस्टल दिखने पर जब उन्होंने हथियार बाहर निकाला, तो पिस्टल में पहले से लोड गोली का ट्रिगर अचानक दब गया। पुलिस के अनुसार, मैगजीन/चेम्बर में गोली लोडेड होने के कारण यह हादसा हुआ।


मुंबई के पूर्व पार्षद हैं आरोपी, ७ असलहों का लाइसेंस


कमलेश राय मुंबई में पूर्व पार्षद रह चुके हैं और वर्तमान में ‘सर शिवपत्तर राय स्मारक महाविद्यालय’ के प्रबंधक हैं। उनके बेटे रितेश राय भी मुंबई से पार्षद हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस परिवार के पास कुल ७ लाइसेंस्ड हथियार हैं, जिनमें से ३ लाइसेंस अकेले कमलेश राय के नाम पर (रिवॉल्वर व राइफल) पंजीकृत हैं।

आपराधिक पृष्ठभूमि और रंगदारी का मामला


जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि कमलेश राय का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अगस्त २०२५ में मुंबई में एक बिल्डर से निर्माण कार्य जारी रखने के एवज में ३५ लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। कथित तौर पर ५ लाख रुपये लेते समय उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।


सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच शुरू


एयरपोर्ट जैसे अति-संवेदनशील क्षेत्र में लोडेड पिस्टल के साथ प्रवेश करने और सुरक्षा जांच के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के उल्लंघन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस ने हथियार को कब्जे में ले लिया है और एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियां (CISF व स्थानीय पुलिस) यह पता लगा रही हैं कि आखिर लोडेड वेपन चेकिंग पॉइंट तक कैसे पहुंचा।

MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button