प्रेमी से फोन पर बात करते पकड़ी गई बेटी; गुस्से में मां-बेटी ने कर दी पिता की हत्या, गड्ढे में दफनाया शव

मासूम से लेकर खौफ तक: मुंबई से लौटे बेटे की जिद ने खोला ‘काले सच’ का राज
रायबरेली : उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित हरचंदपुर थाना क्षेत्र के बराइन गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को तार-तार कर दिया। करीब एक महीने से लापता 50 वर्षीय छोटेलाल पासी की हत्या किसी बाहरी ने नहीं, बल्कि उनकी अपनी ही पत्नी और 19 वर्षीय सगी बेटी ने मिलकर कर दी थी। पुलिस ने इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए आरोपी मां-बेटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
‘हेलो’ की गूंज और खूनी वारदात
पुलिस के मुताबिक, घटना बीते 17 जुलाई की है। छोटेलाल की 19 वर्षीय बेटी छाया फोन पर अपने प्रेमी से बात कर रही थी। इसी दौरान छोटेलाल ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया और कड़ी फटकार लगाई। पिता के इस ऐतराज से नाराज बेटी और पत्नी केशकुमारी के सिर पर खून सवार हो गया। दोनों ने मिलकर लोहे की भारी रॉड से छोटेलाल के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को रात के अंधेरे में घसीटकर घर के पास माइनर के एक गड्ढे में फेंक दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी।
मुंबई से लौटे बेटे ने खोला राज
घटना के बाद से छोटेलाल का कोई सुराग नहीं था। मुंबई में रोजी-रोटी कमा रहा उनका बेटा सतीश जब गांव लौटा और पिता से संपर्क नहीं हो सका, तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। सतीश ने 7 अगस्त को हरचंदपुर थाने में पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बेटे की इसी मुस्तैदी से पुलिस हरकत में आई और जांच की कड़ियां जुड़ती चली गईं।
गड्ढा खुदवाकर निकाला गया गल चुका शव
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने पत्नी केशकुमारी और बेटी छाया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। गुरुवार रात करीब 9 बजे सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार और थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर गल चुके शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दोनों महिला अभियुक्तों को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली गई है।
MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com



