बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में पांच युवकों की मौत, दो गंभीर

पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में बाइक सवारों का बिगड़ा संतुलन, कोहरे की आशंका भी; दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार कुल सात युवक इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांच युवकों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोहम्मद फारूक (17), सलीम (17), गुफरान (18), तौफीक (19) और फजल मोहम्मद (23) के रूप में हुई है। सभी अलग-अलग गांवों के निवासी थे। वहीं, दुर्घटना में घायल मुज्जमिल (22) और नाहिद रजा (18), निवासी बड़हरा कोट, को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर कर दिया गया।
पांच युवकों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया
सीएचसी अधीक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पांच युवकों को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि दो घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों का उपचार जारी है।
पैदल राहगीरों को बचाने में टक्कर की आशंका
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि सड़क पर कुछ लोग पैदल जा रहे होंगे। आशंका है कि उन्हें बचाने के प्रयास में दोनों बाइकों के चालक अपना संतुलन खो बैठे, जिसके चलते दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। रात के समय कोहरा भी हादसे की संभावित वजह हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को बरामद कर लिया है।
पांच परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। कम उम्र में पांच युवकों की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल हादसे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com



