भाजपा के स्वागत कार्यक्रम में दो गुटों में भिड़ंत, जमकर चले लाठी-डंडे, कई घायल

देवरिया: गौरी बाजार। भारतीय जनता पार्टी में अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आई है। जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के खरोह चौराहे पर आयोजित एक स्वागत कार्यक्रम के दौरान भाजपा के ही दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। घटना में कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय सोशल मीडिया सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी के जनपद आगमन पर खरोह चौराहे पर उनके समर्थकों द्वारा स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान स्वागत को लेकर ही दो पक्षों में किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुर्सियां फेंकी गईं और लाठी-डंडे चलने से कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई। बिखरी हुई मालाएं और कुर्सियां घटना की गंभीरता को बयां कर रही थीं।
सूचना मिलते ही गौरी बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मारपीट की वजह और घायलों की सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। साथ ही सोशल मीडिया पर इस घटना का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
MIRROR INDIA NEWS NETWORK
ताज़ा और विश्वसनीय खबरों के लिए MIRROR INDIA पोर्टल और YouTube चैनल को सब्सक्राइब करें।
अपने क्षेत्र की खबर भेजें: mirrorindnews@gmail.com



